बेगूसराय। जिले के खोदाबंदपुर थाना क्षेत्र के मसुराज में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद मामले को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन युवक के सिर और चेहरे पर गोली के निशान मिलने के बाद मामला हत्या में बदल गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के कुम्भी गांव निवासी 35 वर्षीय अरविंद कुमार के रूप में हुई है। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने मसुराज पंचायत भवन के पास सड़क किनारे गड्ढे में युवक का शव और बाइक देखी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है। मृतक के पिता पवन महतो का आरोप है कि गांव के ही एक पड़ोसी ने अरविंद को फोन कर बुलाया था और उसी के साथ वह बाइक से निकला था। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, अरविंद शुक्रवार को अपने एक दोस्त को भोजा गांव स्थित उसके ससुराल छोड़ने गया था। देर रात घर लौटने के दौरान अपराधियों ने उसे निशाना बना लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक के सिर में गोली मारी गई थी, जिससे साफ है कि हत्या पूरी योजना के तहत की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
@MUSKAN KUMARI







