नवादा। बिहार के नवादा शहर में रंगदारी के लिए होटल संचालक के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपराधियों ने 63 वर्षीय होटल संचालक अखिलेश कुमार का अपहरण कर उन्हें बेरहमी से प्रताड़ित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर उन्हें बरामद कर लिया। गंभीर हालत में अखिलेश कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार अखिलेश कुमार कोर्ट परिसर के पास स्थित टाउन ढाबा रेस्टोरेंट के संचालक हैं और राजेंद्र नगर के निवासी हैं। सोमवार रात करीब 10:40 बजे वे अपने होटल में बैठे थे, तभी स्कॉर्पियो सवार कुछ युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि अपराधियों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए उनसे 80 हजार रुपये रंगदारी या गाड़ी देने की मांग की। विरोध करने पर बदमाश उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर गोनावां की ओर ले गए।
पीड़ित के पुत्र अमित कुमार द्वारा नगर थाना में सूचना दिए जाने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर राजेंद्र नगर इलाके से अखिलेश कुमार को बरामद कर लिया। पुलिस ने इस दौरान एक आरोपी कमलेश Kumar को गिरफ्तार किया तथा अपहरण में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया।

बताया जा रहा है कि अपराधियों ने अखिलेश कुमार को तीन नंबर बस स्टैंड इलाके में ले जाकर बुरी तरह प्रताड़ित किया। आरोप है कि उनके नाखून तक उखाड़ दिए गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
डीएसपी हुलास कुमार ने बताया कि घटना से पहले छाया रोड और अस्पताल रोड पर दो स्कॉर्पियो सवारों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद अपराधी होटल में घुसे और संचालक का अपहरण कर लिया। मामले में राहुल कुमार, पकड़ू और स्कॉर्पियो चालक समेत अन्य अज्ञात आरोपियों को नामजद किया गया है।
पुलिस के अनुसार पांच से अधिक आरोपी अब भी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।
@MUSKAN KUMARI







