आरा,
बिहार के आरा से एक बेहद तनावपूर्ण और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सदर अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड घंटों तक रणक्षेत्र में तब्दील रहा। सड़क हादसे में घायल दो लोगों की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के बलुआ गांव के पास हुए एक सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए इमरजेंसी वार्ड में हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और मामला मारपीट व तोड़फोड़ तक पहुंच गया। गुस्साए लोगों ने अस्पताल के उपकरणों को नुकसान पहुंचाया, वहीं इमरजेंसी वार्ड के बाहर लगे गमलों को भी तोड़ डाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हंगामा इतना उग्र था कि कुछ समय के लिए अस्पताल का माहौल दहशत में बदल गया। मरीजों और उनके परिजनों में डर का माहौल बन गया, जबकि अस्पताल कर्मी अपनी सुरक्षा में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और अस्पताल में हुई तोड़फोड़ व हंगामे को लेकर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
@MUSKAN KUMARI







