MLC पद छोड़ेंगे सीएम, नितिन नवीन ने MLA पद से दिया इस्तीफा; नए राजनीतिक समीकरणों पर सबकी नजर
पटना |
बिहार की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जहां विधान परिषद (MLC) सदस्यता से इस्तीफा देने जा रहे हैं, वहीं भाजपा नेता नितिन नवीन ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। इन दोनों फैसलों के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पुष्टि की है कि नितिन नवीन का इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि कुछ अपरिहार्य कारणों से यह प्रक्रिया रविवार को पूरी नहीं हो सकी थी। नितिन नवीन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बांकीपुर विधानसभा सीट से इस्तीफा देने की जानकारी साझा की।
अपने भावुक संदेश में नितिन नवीन ने 2006 से अब तक के अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए जनता और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि उन्हें पांच बार जनता का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला और उन्होंने हमेशा क्षेत्र व राज्य के विकास के लिए काम किया। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी द्वारा सौंपी गई नई जिम्मेदारी के तहत वे आगे भी बिहार के विकास के लिए काम करते रहेंगे।
वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे को लेकर भी सियासी गतिविधियां तेज हैं। जानकारी के अनुसार, वह विधान परिषद नहीं जाएंगे और उनका इस्तीफा पत्र जदयू नेताओं के माध्यम से परिषद पहुंचाया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास पर जदयू के कई वरिष्ठ नेता, जिनमें ललन सिंह, संजय झा और विजय चौधरी शामिल हैं, मौजूद रहे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन इस्तीफों के बाद राज्य में नए समीकरण बन सकते हैं और आने वाले दिनों में इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है। फिलहाल, सभी की नजरें आगे होने वाले राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हैं।
@MUSKAN KUMARI






