लालू परिवार में पिघलती बर्फ? तेज प्रताप की ‘वापसी’ के संकेत तेज

भतीजी के जन्मदिन पर राबड़ी आवास पहुंचे, इराज संग वीडियो से सियासी हलकों में चर्चा तेज

लालू प्रसाद यादव के परिवार में एक बार फिर नजदीकियों के संकेत मिल रहे हैं। तेज प्रताप यादव की गतिविधियों ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है कि क्या उनकी परिवार में वापसी की राह अब साफ हो रही है।

दरअसल, 27 मार्च को तेजस्वी यादव की बेटी कात्यायनी के जन्मदिन के मौके पर तेज प्रताप यादव के राबड़ी आवास पहुंचने की खबर है। इसी दौरान उन्होंने परिवार के साथ समय बिताया, जिसकी झलक अब सोशल मीडिया पर सामने आई है।

तेज प्रताप यादव ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह तेजस्वी यादव के छोटे बेटे इराज के साथ खेलते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों के बीच आत्मीयता और खुशहाल माहौल साफ दिख रहा है। इस पोस्ट के साथ तेज प्रताप ने लिखा— “बेटा पापा का गर्व होता है, और पापा बेटे की सबसे बड़ी ताकत।”

इस वीडियो के सामने आने के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि लंबे समय से चली आ रही पारिवारिक दूरियां अब कम हो रही हैं। इससे पहले भी तेज प्रताप, राबड़ी देवी के जन्मदिन पर आवास पहुंचे थे। वहीं दही-चूड़ा भोज के दौरान लालू प्रसाद यादव का उनके घर जाना भी रिश्तों में नरमी का संकेत माना गया था।

हालांकि, तेजस्वी यादव और तेज प्रताप के बीच अभी भी दूरी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। राजनीतिक और पारिवारिक मतभेदों के चलते दोनों भाइयों के रिश्तों में खटास बनी रही है।

गौरतलब है कि मई 2025 में लालू प्रसाद यादव ने सार्वजनिक रूप से तेज प्रताप यादव को छह साल के लिए पार्टी और परिवार से बाहर करने का ऐलान किया था। ऐसे में मौजूदा घटनाक्रम को रिश्तों के सुधरते समीकरण के तौर पर देखा जा रहा है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल