गैस की अफवाह से मचा हड़कंप, मुंगेर में सिलेंडर के लिए एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें

खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के कारण मुंगेर जिले में रसोई गैस को लेकर अजीब हालात बन गए हैं। गैस की किल्लत की खबर फैलते ही लोग घबराकर गैस एजेंसियों और गोदामों की ओर दौड़ पड़े। कई जगहों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं और माहौल में अफरातफरी देखने को मिली।

दरअसल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव की खबरों के बाद लोगों को आशंका होने लगी कि कहीं रसोई गैस की सप्लाई प्रभावित न हो जाए। इसी डर के कारण कई उपभोक्ता एक अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने की नीयत से सीधे गोदामों तक पहुंच गए, जिससे गैस एजेंसियों पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी।

एक स्थानीय गैस एजेंसी संचालक सुबोध वर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं को लगातार समझाया जा रहा है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। गोदाम में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है और सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिल जाएगा। हालांकि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के कारण लोग आश्वस्त नहीं हो पा रहे हैं और लगातार एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पहले रोजाना दो गाड़ियां गैस की सप्लाई लेकर आती थीं, लेकिन फिलहाल सप्लाई थोड़ी प्रभावित हुई है और अब एक-दो दिन के अंतराल पर गैस पहुंच रही है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को किसी बड़ी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

वहीं कतार में खड़े लोगों का कहना है कि सुबह से ही वे सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे हुए हैं। उन्हें खबर मिली थी कि जल्द ही गैस की किल्लत हो सकती है, इसलिए वे पहले ही सिलेंडर लेने आ गए। कई गृहिणियों का कहना है कि रसोई गैस के बिना घर का चूल्हा ठंडा पड़ जाएगा, क्योंकि आज के समय में खाना बनाने के लिए गैस सबसे जरूरी साधन बन चुका है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि सरकार को ऐसी अफवाहों पर रोक लगाने के साथ-साथ गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि आम उपभोक्ताओं में फैला डर और अफरातफरी का माहौल खत्म हो सके। फिलहाल मुंगेर में अफवाह और हकीकत के बीच लोग गैस सिलेंडर के लिए कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल