बिहार की राजनीति में इन दिनों तेजस्वी यादव के राज्यसभा जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) उन्हें विपक्ष के उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतार सकता है। हालांकि, पार्टी की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इसी बीच आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने राज्यसभा उम्मीदवारों के चयन को लेकर रविवार को अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड पर राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर शाम 7 बजे से होगी।
बैठक में पार्टी के केंद्रीय और राज्य संसदीय बोर्ड के सदस्य, सांसद, विधायक, एमएलसी और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इसी बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर अंतिम रणनीति तय की जा सकती है।
अटकलें तेज, लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं
शनिवार को तेजस्वी यादव के राज्यसभा चुनाव लड़ने की चर्चा जोर पकड़ती रही, लेकिन पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने इन खबरों से साफ इनकार किया। राजनीतिक चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा है कि अगर तेजस्वी संसद जाते हैं तो उनकी विधानसभा सीट राघोपुर से परिवार के किसी सदस्य को उपचुनाव में उतारा जा सकता है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला पार्टी बैठक के बाद ही सामने आएगा।
बिहार की 5 सीटों पर चुनाव
बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें खाली हो रही हैं, जिन पर चुनाव की घोषणा हो चुकी है। मौजूदा संख्या बल के आधार पर एनडीए की चार सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है।
हालांकि पांचवीं सीट के लिए किसी भी पक्ष के पास स्पष्ट बहुमत नहीं है। ऐसे में अगर विपक्ष या आरजेडी उम्मीदवार उतारती है तो क्रॉस वोटिंग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
अब सबकी नजर रविवार की बैठक पर टिकी है, जहां से राज्यसभा चुनाव को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
@MUSKAN KUMARI






