बिहार में अपराध के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत बिहार एसटीएफ ने राजधानी पटना में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी देवा गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 303 में छापेमारी की, जहां से आरोपी को दबोच लिया गया। देवा गुप्ता प्रीति कुमारी के पति हैं और राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी भी रह चुके हैं।
कुख्यात अपराधी पर एक लाख का इनाम
मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने देवा गुप्ता को कुख्यात अपराधी घोषित करते हुए उन पर एक लाख रुपये का इनाम रखा था। उन पर हत्या, रंगदारी और जमीन कब्जाने समेत 28 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वे लंबे समय से दो मामलों में फरार चल रहे थे।
टॉप-100 अपराधियों की सूची में सबसे ऊपर
जिले में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा तैयार 100 अपराधियों की ‘हिट लिस्ट’ में देवा गुप्ता का नाम सबसे ऊपर था। इस सूची में शराब माफिया, भू-माफिया, हत्या और लूट जैसे मामलों में शामिल अपराधियों को चिन्हित किया गया था।
पुलिस के लिए बड़ी सफलता
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रभावशाली राजनीतिक पृष्ठभूमि के बावजूद अपराध में सक्रिय रहे आरोपी की गिरफ्तारी प्रशासन के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस अब पूछताछ कर उसके नेटवर्क और फरार सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
@MUSKAN KUMARI






