8 फरवरी के हाई-प्रोफाइल हादसे में तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को मारी थी टक्कर, आज कोर्ट में पेशी
कानपुर:
कानपुर के चर्चित लैंबॉर्गिनी क्रैश मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा। यह वही हाई-प्रोफाइल मामला है, जिसमें 8 फरवरी को करोड़ों रुपये की लैंबॉर्गिनी VIP रोड पर अनियंत्रित होकर कई लोगों को टक्कर मार गई थी।
शुरुआती जांच और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस का कहना है कि हादसे के समय कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था, जबकि बचाव पक्ष लगातार दावा करता रहा कि वाहन ड्राइवर मोहन चला रहा था। बुधवार को अदालत में मोहन ने भी यही बयान दिया था कि हादसे के वक्त वह ड्राइविंग सीट पर था, लेकिन पुलिस जांच इससे अलग दिशा में जाती दिखी।
जांच एजेंसियों ने वायरल वीडियो, चश्मदीदों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों की समीक्षा की। पुलिस सूत्रों के अनुसार CCTV फुटेज में दुर्घटना के बाद कार से बाहर निकलने वाला व्यक्ति शिवम जैसा दिखाई देता है। साथ ही, घटना स्थल की मैपिंग, मोबाइल लोकेशन और वाहन से जुड़े फॉरेंसिक संकेतों के आधार पर कार्रवाई तेज की गई।
बीते तीन दिनों की गहन जांच के बाद पुलिस ने शिवम को हिरासत में लिया। अब अदालत में पेशी के दौरान पुलिस उसकी कस्टडी रिमांड की मांग कर सकती है, ताकि हादसे से पहले की परिस्थितियों, कार चलाने के निर्देश और ड्राइवर मोहन के बयान में पाए गए विरोधाभासों की गहराई से जांच की जा सके।
@MUSKAN KUMARI





