घने कोहरे से प्रभावित जनजीवन, पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ेगा तापमान; यूपी में बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में इन दिनों घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के चलते आम जनजीवन प्रभावित बना हुआ है। सड़कों पर दृश्यता कम होने से यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई है, जबकि सुबह और शाम ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है। हालांकि अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले 24 से 48 घंटों में प्रदेश के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड की तीव्रता में कुछ कमी आएगी। 22 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र में देर रात हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत मिले हैं।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रात के तापमान में आ रही गिरावट अब थमने वाली है। उन्होंने बताया कि हरदोई, अमेठी, अयोध्या और बाराबंकी जैसे मध्यवर्ती जिलों में बीती रात हल्की शीतलहर रही, लेकिन हवाओं की दिशा में बदलाव के चलते अगले एक-दो दिनों में तापमान करीब चार डिग्री तक बढ़ सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 20 जनवरी के बाद कोहरे से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। इसके बाद 22 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक से दो दिन तक बारिश हो सकती है। 23 से 26 जनवरी के बीच मेरठ, बागपत, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा, संभल सहित आसपास के जिलों में वर्षा की संभावना जताई गई है।

उधर, उत्तराखंड में भी मौसम करवट लेने वाला है। 22 से 26 जनवरी के बीच चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 20 जनवरी को उत्तर, पश्चिम और पूर्वी दिल्ली में कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि 23 जनवरी को गुरुग्राम और फरीदाबाद में आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी दी गई है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल