पारस अस्पताल शूटआउट केस: कुख्यात गैंगस्टर शेर सिंह पटना पुलिस की गिरफ्त में

कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा हत्याकांड में पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता और गैंगस्टर शेर सिंह को पश्चिम बंगाल से पटना लाया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपी को बेउर जेल में रखा गया है। जेल अधीक्षक नीरज झा ने इसकी पुष्टि की है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि चंदन मिश्रा की हत्या दो आपराधिक गिरोहों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी। इस मामले में पहले ही कई शूटरों और सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन्होंने पूछताछ के दौरान शेर सिंह का नाम मुख्य साजिशकर्ता के रूप में उजागर किया। पुलिस ने अदालत में लगभग 1000 पन्नों की केस डायरी, 100 पेज की चार्जशीट, एफएसएल रिपोर्ट, फेस मैच रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज पेश किए हैं।

घटना 17 जुलाई की है, जब पटना के पारस अस्पताल में इलाज के दौरान चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज में पांच हथियारबंद अपराधी अस्पताल के वार्ड में प्रवेश करते और महज 30 सेकेंड के भीतर वारदात को अंजाम देकर फरार होते दिखाई दिए। जांच में पता चला कि सभी शूटरों ने पहले से अस्पताल परिसर की कई दिनों तक रेकी की थी।

पुलिस के अनुसार, शेर सिंह उस समय पश्चिम बंगाल की पुरुलिया जेल में बंद था, लेकिन वहीं से उसने हत्या की पूरी साजिश रची। उसने अपने करीबी सहयोगियों के जरिए स्थानीय शूटरों को सुपारी दी। बताया गया है कि इस हत्याकांड के लिए करीब 25 लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी। शूटरों ने अस्पताल में घुसने के लिए मरीज के रिश्तेदार होने का बहाना बनाया और वार्ड की जानकारी हासिल की।

चंदन मिश्रा बक्सर का रहने वाला था और उस पर हत्या, अपहरण, रंगदारी और उगाही समेत 10 से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे। वह आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और पैरोल पर बाहर आया हुआ था। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती चंदन मिश्रा की हत्या ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।

ASP सदर भानु कुमार ने बताया कि शेर सिंह की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है और उसके खिलाफ मजबूत साक्ष्य मौजूद हैं। आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है और मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

@Tanya Singh

BiharlocalDesk
Author: BiharlocalDesk

ASAIN TIMES NEWS NETWORK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल