बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के तहत संचालित कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) से जुड़े कौशल विकास केंद्रों के संचालकों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। करीब 1700 केंद्रों के बंद होने और 10 हजार से अधिक कर्मचारियों के बेरोजगार होने के विरोध में बड़ी संख्या में संचालकों और ट्रेनरों ने पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय का घेराव किया।
BJP कार्यालय बना पुलिस छावनी
प्रदर्शनकारियों के अचानक बीजेपी कार्यालय पहुंचने और विरोध शुरू करने के बाद वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई। भीड़ को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल और वाटर कैनन तैनात किए गए। देखते ही देखते बीजेपी प्रदेश कार्यालय के आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।

पुलिस से तीखी बहस और धक्का-मुक्की
प्रदर्शनकारियों को कार्यालय के बाहर रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हुई और हल्की धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आसपास के रास्तों की घेराबंदी कर दी।
हजारों कर्मचारियों के रोजगार पर संकट
कुशल युवा कार्यक्रम के तहत बिहार के युवाओं को कंप्यूटर, संवाद कौशल और व्यवहार कौशल का मुफ्त प्रशिक्षण दिया जाता था। केंद्रों के बंद होने से जहां 10 हजार से अधिक ट्रेनर और कर्मचारियों के रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है, वहीं बड़ी संख्या में प्रशिक्षण ले रहे युवाओं का भविष्य भी प्रभावित होने की बात कही जा रही है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि केंद्रों को बंद किए जाने से उनके सामने रोजगार का संकट पैदा हो गया है। इससे पहले कौशल विकास केंद्रों के संचालकों ने पटना स्थित श्रम एवं नियोजन कार्यालय पर भी प्रदर्शन और हंगामा किया था।
अब संचालक सरकार से केंद्रों को दोबारा शुरू करने और कर्मचारियों के रोजगार को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
@MUSKAN KUMARI





