पटना,
राजधानी पटना के के नए टर्मिनल भवन में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अराइवल क्षेत्र में अचानक दीवार पर लगी टाइल्स भड़भड़ाकर टूटकर नीचे गिर गईं। इस घटना से कुछ देर के लिए वहां मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी और हैरानी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टर्मिनल के एक हिस्से में लगी टाइल्स अचानक उखड़कर जमीन पर गिर गईं। हालांकि इस घटना में किसी यात्री या स्टाफ को कोई चोट नहीं आई। सिर्फ एक सेफ्टी स्टील रॉड को मामूली नुकसान पहुंचा है, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने 29 मई 2025 को इस आधुनिक टर्मिनल का उद्घाटन किया था। करीब 1,200 करोड़ रुपये की लागत से बना यह टर्मिनल 65,150 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला है और इसकी वार्षिक यात्री क्षमता 30 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ से अधिक की गई है। 3 जून 2025 से यह टर्मिनल परिचालन में है।
ऐसे में महज 11 महीने के भीतर टाइल्स गिरने की घटना ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि इस घटना से विमान परिचालन या यात्रियों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गिरी हुई टाइल्स को हटवा दिया, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
फिलहाल इस घटना के कारणों की जांच की जा रही है और संबंधित एजेंसियों से रिपोर्ट मांगी गई है।
@MUSKAN KUMARI






