बिहार सरकार ने राज्य के सभी मंत्रियों को 2 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ में अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में शामिल होने का निर्देश दिया है। इस संबंध में कैबिनेट सचिवालय विभाग और युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग ने अलग-अलग आदेश जारी किए हैं।
जारी निर्देश के अनुसार, भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा MY Bharat के तत्वावधान में इस अभियान का शुभारंभ 2 अगस्त को सुबह 10:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
सरकार के मुताबिक, देशभर में करीब 10 हजार स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें एक करोड़ से अधिक युवाओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। इन कार्यक्रमों में शैक्षणिक संस्थानों, आध्यात्मिक संगठनों, MY Bharat यूथ क्लबों, स्वयंसेवकों, औद्योगिक संगठनों और अन्य सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी होगी।

कैबिनेट सचिवालय विभाग ने सभी मंत्रियों के आप्त सचिवों को संबंधित जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर मंत्रियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। वहीं, जिला प्रशासन को कार्यक्रम के सफल आयोजन, समन्वय और आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI





