मुजफ्फरपुर: बोचहां थाना क्षेत्र के चकहेलाल गांव में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा सम्मानित किसान एवं किराना व्यवसायी हरेराम चौधरी उर्फ राजू चौधरी की हत्या के छह दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। इस बीच रविवार को पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए 22 जून को मुजफ्फरपुर समाहरणालय परिसर में धरना देने का ऐलान किया।
सांसद पप्पू यादव ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में अपराधी बेखौफ हैं और बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है।
मीडिया से बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि सुशासन के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण घटना के छह दिन बाद भी आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद ने मौके से ही मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा से फोन पर बातचीत कर जल्द कार्रवाई की मांग की। इस दौरान एसएसपी ने उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और एक सप्ताह के भीतर संदिग्ध आरोपितों की गिरफ्तारी कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
गौरतलब है कि बोचहां थाना क्षेत्र के चकहेलाल गांव में दिनदहाड़े अज्ञात अपराधियों ने किसान हरेराम चौधरी उर्फ राजू चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और परिजन लगातार आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
@MUSKAN KUMARI






