सुल्तानगंज हत्याकांड: ईओ कृष्ण भूषण कुमार को राजकीय सम्मान, परिजनों को 25 लाख सहायता

भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस हमले में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण कुमार की मौत हो गई, जबकि नगर सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद राज्य सरकार ने मृतक अधिकारी के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराने की घोषणा की है।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कृष्ण भूषण कुमार ने कर्तव्यनिष्ठा और साहस का परिचय देते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि दिवंगत अधिकारी के परिवार को 25 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी तथा उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ कराया जाएगा।

बैठक के दौरान घुसे बदमाश, ताबड़तोड़ फायरिंग

जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 4:05 बजे सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में सभापति राजकुमार अपने चैंबर में सैरात बंदोबस्ती को लेकर बैठक कर रहे थे। इसी दौरान तीन नकाबपोश बदमाश हथियार लेकर कार्यालय में घुस आए और सभापति को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।

Ad.
Ad.

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ईओ कृष्ण भूषण कुमार ने साहस दिखाते हुए अपराधियों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों से उनकी हाथापाई हो गई, जिसके बीच अपराधियों ने उनके माथे पर गोली मार दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सभापति राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।

मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर

मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने रामधनी यादव का नाम मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड के रूप में सामने आया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रामधनी यादव नगर परिषद उपाध्यक्ष नीलम देवी का पति बताया जा रहा है।

बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि रामधनी यादव अपने एक साथी के साथ इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी की। पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की।

मुठभेड़ में रामधनी यादव मारा गया, जबकि उसका एक साथी घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। एनकाउंटर के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल