सुपौल। जिले में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व शनिवार को पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। सुबह से ही मुख्य ईदगाह परिसर सहित विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में अकीदतमंद नमाज में शामिल होने पहुंचे।
नए वस्त्र धारण कर पहुंचे हजारों नमाजियों ने निर्धारित समय पर इमाम की अगुवाई में सामूहिक नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, तरक्की, खुशहाली तथा आपसी भाईचारे की दुआ मांगी।
नमाज के बाद ईदगाह परिसर और आसपास का इलाका आपसी सौहार्द और भाईचारे के रंग में रंगा नजर आया। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। त्योहार को लेकर बच्चों में खास उत्साह देखा गया। नमाज के बाद लोग अपने रिश्तेदारों और परिचितों के घर पहुंचे, जहां पारंपरिक पकवानों के साथ खुशियां साझा की गईं।

इस अवसर पर जरूरतमंदों के बीच सहयोग और मदद की भावना भी देखने को मिली। कई लोगों ने गरीबों और जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाकर इंसानियत और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
सुपौल ईदगाह पहुंचे शाहनवाज हुसैन
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री भी सुपौल ईदगाह पहुंचे। उन्होंने नमाजियों से मुलाकात कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं और गले मिलकर बकरीद की बधाई दी।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बकरीद त्याग, बलिदान, मानवता और इंसानियत का प्रतीक है। यह पर्व समाज में प्रेम, एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द है, जिसे हर हाल में बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने लोगों से शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए बिहार और देश की खुशहाली की कामना की। उनके संदेश को स्थानीय लोगों ने सकारात्मक रूप से लिया।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
बकरीद के मौके पर जिलेभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मुख्य ईदगाह समेत सभी संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट प्लान भी लागू किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पूरे जिले में बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
@MUSKAN KUMARI





