सीवान: जिले में अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सराय थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हथियारों की कथित खरीद-बिक्री की फिराक में घूम रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की रात सूचना मिली थी कि चमनांडी रोड स्थित मकशूद आलम की किराना दुकान के पास स्कूटी सवार दो संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही सराय थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्धों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। मौके से उनकी स्कूटी भी जब्त कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान महम्मद दूना, निवासी पुरानी किला पोखरा, सराय थाना क्षेत्र और महम्मद शाहाबुद्दीन उर्फ अरवाज, निवासी गौसीहाता, बड़हरिया थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, महम्मद शाहाबुद्दीन का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ महादेवा थाना में वर्ष 2024 में मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार और कारतूस कहां से आए थे तथा इनकी खरीद-बिक्री किसके साथ की जानी थी। साथ ही आरोपितों के किसी बड़े अवैध हथियार गिरोह से जुड़े होने की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में पु.अ.नि. विकास कुमार बिट्टू, सराय थाना के थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
@MUSKAN KUMARI





