छपरा: बिहार के सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। हरदेव छपरा चंवर के पास बदमाशों ने आभूषण कारोबारी वीरेंद्र साह के 28 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार सोनी पर हमला कर सोने-चांदी के गहनों से भरा थैला लूट लिया।
बताया जा रहा है कि विशाल कुमार सोनी दुकान से जुड़े काम और तकादे के सिलसिले में निकले थे। इसी दौरान सुनसान इलाके में घात लगाए अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

हमले में विशाल के हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। बदमाश उनके पास मौजूद थैले से करीब 70 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 3 किलोग्राम चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। लूटे गए सामानों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल विशाल को इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुरानी रंजिश और लेन-देन के एंगल से जांच
पुलिस इस मामले की कई पहलुओं से जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे आपसी रंजिश और वित्तीय विवाद की भी आशंका जताई जा रही है। करीब 40 हजार रुपये के पुराने बकाए को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात सुनियोजित लूट थी या इसके पीछे कोई पुरानी कारोबारी दुश्मनी भी शामिल है।
सूचना मिलने के बाद कोपा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
@MUSKAN KUMARI




