सारण: जिले के मकेर थाना क्षेत्र के नवकाढ़ा गंडक बांध ढाला पर 27 जून की रात हुए भीषण विस्फोट में घायल दूसरे युवक की भी मौत हो गई है। पटना में इलाज करा रहे नवकाढ़ा गांव निवासी अखिलेश राय ने शुक्रवार देर शाम अंतिम सांस ली। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। घटना के दिन सचिन राय की मौके पर ही मौत हो गई थी।
अखिलेश राय की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों के अनुसार, अखिलेश चालक का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन साल का बेटा है।
अखिलेश का शव गांव पहुंचने के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घटनास्थल के पास बांध पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर मकेर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।

गौरतलब है कि 27 जून की देर रात बांध ढाला स्थित एक किराना दुकान में जोरदार विस्फोट हुआ था। धमाका इतना शक्तिशाली था कि दुकान का दरवाजा उड़ गया और छत पर लगी एस्बेस्टस शीट दूर जा गिरी। घटना में सचिन राय की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया था। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
@MUSKAN KUMARI






