सर्च ऑपरेशन के दौरान ब्लास्ट, कोबरा बटालियन के इंस्पेक्टर गंभीर; इलाके में सघन अभियान तेज
सारंडा जंगल के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र में गुरुवार को सुरक्षा बलों पर बड़ा हमला हुआ। मनोहरपुर प्रखंड के छोटानागरा थाना क्षेत्र स्थित बालिबा गांव के पास चडराडेरा में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में पांच जवान घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई। इसी दौरान पहले से प्लांट किए गए आईईडी में विस्फोट हो गया। इस धमाके में कोबरा बटालियन 205 के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य जवानों को मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से चोटें आई हैं।
घटना की पुष्टि चाईबासा के एसपी अमित रेणु ने की है। उन्होंने बताया कि यह हमला नक्सलियों की सुनियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है।
घायल जवानों को तुरंत एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल जवानों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का इलाज स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, सभी घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हैं और नक्सलियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है, ताकि उनके मंसूबों को नाकाम किया जा सके।
@MUSKAN KUMARI







