पटना, विशेष संवाददाता:
बिहार विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान जहां एक ओर विश्वास मत प्रस्ताव पर गंभीर बहस चल रही थी, वहीं दूसरी ओर सदन में एक हल्का-फुल्का और हास्यपूर्ण पल भी देखने को मिला। चर्चा के दौरान विधायक आईपी गुप्ता के बयान ने पूरे सदन का माहौल कुछ देर के लिए बदल दिया।
दरअसल, अध्यक्ष प्रेम कुमार ने संख्या बल के अनुसार सभी सदस्यों को सीमित समय दिया था। जब आईपी गुप्ता को बोलने का मौका मिला, तो अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि उनके पास मात्र एक मिनट का समय है।
यह सुनते ही आईपी गुप्ता ने चुटकी लेते हुए कहा, “सर, 1 मिनट के डर से रात भर नींद नहीं आती, जगे रहते हैं।” उनके इस बयान पर सदन में मौजूद सभी सदस्य ठहाके लगाने लगे और कुछ देर के लिए माहौल पूरी तरह हल्का हो गया।
इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए अपनी बात शुरू की। हालांकि, जैसे ही उनका निर्धारित समय समाप्त हुआ, अध्यक्ष ने उन्हें टोका।
समय खत्म होने के बाद भी आईपी गुप्ता बार-बार “सर… सर… सर… एक मिनट सर… एक आखिरी बात सर…” कहते रहे। उनकी इस शैली और आग्रह ने सदन में एक बार फिर हंसी का माहौल बना दिया और सदस्य जमकर ठहाके लगाने लगे।
गंभीर राजनीतिक बहस के बीच यह हल्का पल सदन की कार्यवाही का यादगार हिस्सा बन गया।
@MUSKAN KUMARI








