पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक थाना क्षेत्र के सरहन डैम इलाके में रविवार को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चार देसी कट्टा, 10 जिंदा कारतूस और तीन बाइक बरामद की गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, सरहन डैम क्षेत्र में दो गुटों के बीच अचानक गोलीबारी शुरू हो गई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पंडारक थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान शुरू किया।
ग्रामीण एसपी Kundan Kumar ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। गिरफ्तार आरोपियों में सुमित कुमार उर्फ जेलर को मुख्य अभियुक्त बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, सरहन डैम इलाका लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों और गैंगवार को लेकर संवेदनशील माना जाता रहा है। खासकर “फेन छानने” को लेकर यहां अक्सर विवाद और फायरिंग की घटनाएं सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर लगातार तनाव बना रहता है।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाकर संदिग्धों की घेराबंदी की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों के पास हथियार कहां से आए और उनके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बिहार पुलिस ने साफ कहा है कि इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अन्य मामलों का खुलासा हो सकता है।
@MUSKAN KUMARI





