सुबह 9:20 तक खाली रही ओपीडी, मरीजों की लंबी कतार; लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज सदर अस्पताल में जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के औचक निरीक्षण ने स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी। मंगलवार को हुए इस निरीक्षण के दौरान अस्पताल में भारी अव्यवस्था देखने को मिली, जिससे प्रशासनिक तंत्र पर सवाल खड़े हो गए।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सुबह 9 बजकर 20 मिनट तक कई डॉक्टर ओपीडी में मौजूद नहीं थे, जबकि मरीज लंबी कतार में खड़े होकर इंतजार करते रहे। डॉक्टरों की खाली कुर्सियों को देखकर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और इसे गंभीर लापरवाही बताया।
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी की जांच में भी गड़बड़ी सामने आई। कुछ कर्मियों के हस्ताक्षर संदिग्ध पाए गए, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि बिना ड्यूटी पर आए ही हाजिरी दर्ज कराई जा रही थी।
डीएम ने साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की भी जांच की, जिसमें कई खामियां उजागर हुईं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर इलाज और बेहतर सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे मामले की रिपोर्ट सरकार को भेजे जाने की बात कही गई है।
@MUSKAN KUMARI






