बांका टाउन थाना में पदस्थापित दारोगा सूरज भूषण सिंह की सड़क हादसे में असमय मौत के बाद गुरुवार को बांका पुलिस लाइन में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। दिवंगत दारोगा को गार्ड ऑफ ऑनर देकर पुलिस विभाग ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इससे पहले गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सदर अस्पताल में उनके पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम कराया गया। हादसे की दुखद सूचना मिलते ही बिहारशरीफ से उनके परिजन बांका पहुंचे। सदर अस्पताल परिसर में जैसे ही परिजनों ने दारोगा सूरज भूषण सिंह का पार्थिव शरीर देखा, वे अपने आंसू नहीं रोक सके। परिजनों के करुण विलाप से अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिवंगत दारोगा के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक बांका पुलिस लाइन ले जाया गया। वहां पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार समेत पुलिस विभाग के वरीय अधिकारियों, सहकर्मियों और जवानों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान अधिकारियों और सहकर्मियों ने सूरज भूषण सिंह की कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और पुलिस सेवा में उनके योगदान को याद किया। अंतिम सलामी और गार्ड ऑफ ऑनर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन नम आंखों से पार्थिव शरीर को उनके पैतृक निवास के लिए लेकर रवाना हुए।
@MUSKAN KUMARI





