संभल के बिछौली में बुलडोजर कार्रवाई, सरकारी जमीन से इमामबाड़ा-ईदगाह हटाए गए

तहसीलदार न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई, भारी पुलिस बल तैनात, इलाके को छावनी में बदला गया

 

संभल जिले के बिछौली गांव में बृहस्पतिवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर बने इमामबाड़ा और ईदगाह को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहा।

प्रशासन के अनुसार, गांव बिछौली में स्थित खाद के गड्ढे की जमीन को लेकर तहसीलदार न्यायालय ने जनवरी माह में बेदखली का आदेश जारी किया था। इसी आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। इसके लिए पहले से तैयारी करते हुए लेखपालों की एक विशेष टीम भी गठित की गई थी।

सुबह करीब नौ बजे प्रशासनिक टीम चार बुलडोजरों के साथ मौके पर पहुंची। निधि पटेल की मौजूदगी में अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई और बुलडोजरों ने इमामबाड़ा व ईदगाह के ढांचे को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रैपिड रेस्पॉन्स फोर्स (आरआरएफ) के साथ स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा।

इस दौरान जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के तहत की गई है और सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। प्रशासन ने आगे भी ऐसे अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल