भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बायो बदलने के बाद उनके भाजपा छोड़ने और सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, अब तक न तो भाजपा और न ही शहजाद पूनावाला ने इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि की है।
दरअसल, शहजाद पूनावाला ने अपने X प्रोफाइल से “National Spokesperson, BJP” हटाकर नया बायो लिखा है, जिसमें उन्होंने खुद को “धर्म–इस्लाम, संस्कृति–हिंदू, विचारधारा–भारतीय, लेखक–GST की यात्रा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन अनुयायी” बताया है। उन्होंने “My Updated Bio” लिखते हुए नए बायो का स्क्रीनशॉट भी साझा किया।
इसके बाद उन्होंने अपने पुराने इंटरव्यू के दो वीडियो दोबारा पोस्ट किए, जिनमें वे सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने की इच्छा जताते दिखाई देते हैं। इसी के बाद सोशल मीडिया पर उनके इस्तीफे और राजनीति छोड़ने की चर्चाएं शुरू हो गईं।

हालांकि, उनके इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर अब भी “National Spokesperson, BJP” लिखा हुआ है। साथ ही उन्होंने कहीं भी यह स्पष्ट नहीं कहा है कि उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दिया है या सक्रिय राजनीति से संन्यास ले रहे हैं।
शहजाद पूनावाला ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। 2017 में कांग्रेस छोड़ने के बाद वे भाजपा में शामिल हुए और बाद में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता बने। फिलहाल उनके भविष्य को लेकर केवल अटकलें हैं। आधिकारिक बयान आने तक भाजपा छोड़ने की खबर की पुष्टि नहीं की जा सकती।
@MUSKAN KUMARI





