बिहार के वैशाली जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बिदुपुर थाना क्षेत्र के मथुरा गांव में मकान निर्माण के दौरान 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल वैशाली सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, मथुरा गांव निवासी लालू सिंह के मकान की तीसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। मजदूर रस्सी की सहायता से नीचे से ऊपर लोहे का सरिया खींच रहे थे। इसी दौरान सरिया पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया, जिससे उसमें तेज करंट प्रवाहित हो गया और मौके पर मौजूद तीन लोग उसकी चपेट में आ गए।
घायलों की पहचान प्रमोद सिंह, उमाशंकर सिंह और संजीत कुमार के रूप में हुई है। करंट लगते ही तीनों गंभीर रूप से झुलस गए और निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने प्रमोद सिंह और उमाशंकर सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया। वहीं, संजीत कुमार का इलाज वैशाली सदर अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, रेफर किए गए दोनों घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि आबादी वाले क्षेत्र में हाईटेंशन तार बेहद कम ऊंचाई और मकानों के बेहद करीब से गुजर रहा है, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने बिजली विभाग से ऐसे क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों के अनुसार बिजली लाइनों को स्थानांतरित या ऊंचा करने की मांग की है।
@MUSKAN KUMARI





