वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के सहदेई बुजुर्ग थाना क्षेत्र से एक वायरल वीडियो ने पुलिस विभाग की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में चौकीदार विपिन पासवान का बेटा रौशन कुमार कथित तौर पर पुलिस की खाकी वर्दी पहनकर भोजपुरी गानों पर रील बनाते नजर आ रहा है। वीडियो में थाना की गश्ती जीप भी दिखाई दे रही है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि एक आम युवक को पुलिस की वर्दी और सरकारी वाहन तक पहुंच कैसे मिली। मामले ने पुलिस विभाग की छवि पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि रौशन कुमार कई बार अपने पिता की जगह ड्यूटी करते हुए भी देखा गया है। यदि यह आरोप सही पाए जाते हैं, तो इसे नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा।
गौरतलब है कि बिहार पुलिस मुख्यालय हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्ती बरत रहा है। विभाग द्वारा ऐसे करीब 50 पुलिसकर्मियों की सूची जारी कर कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं। ऐसे में यह मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खाकी वर्दी कानून और जनता के भरोसे का प्रतीक है। इसका इस्तेमाल सोशल मीडिया पर दिखावे और लोकप्रियता के लिए किया जाना गलत संदेश देता है।
फिलहाल प्रशासन ने वायरल वीडियो की जांच शुरू करने की बात कही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
@MUSKAN KUMARI






