बिहार के मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने रविवार को नालंदा जिले स्थित Rajgir Zoo Safari और नेचर सफारी का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने जू-सफारी के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और नियंत्रण कक्ष में जाकर वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री व्याख्या केंद्र भी पहुंचे, जहां उन्होंने प्राचीन वन्य जीव प्रजातियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने 180 डिग्री थियेटर में ‘द वाइल्ड कॉल’ एनिमेशन फिल्म देखी, जिसमें वन्य जीवों की जीवनशैली, रहन-सहन और उनकी दुनिया को दर्शाया गया है।
फिल्म में शेर और बाघ के शावकों की यात्रा के जरिए भारत की जैव-विविधता और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रस्तुत किया गया है। इसमें भारतीय हाथी और ग्रेट इंडियन बस्टर्ड समेत 23 प्रकार की वन्य जीव प्रजातियों को दिखाया गया है। राजगीर जू सफारी की इस एनिमेटेड फिल्म को 16वें दादा साहेब फाल्के फिल्म फेस्टिवल में “सर्टिफिकेट ऑफ एक्सिलेंस” से सम्मानित किया गया, जिसे मुख्यमंत्री को सौंपा गया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने Rajgir Nature Safari का भी भ्रमण किया। वे ग्लास ब्रिज पहुंचे, जहां उन्होंने पहाड़ियों की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया। बंद गाड़ी से जू-सफारी का भ्रमण करते हुए उन्होंने शेर, बाघ और अन्य वन्य जीवों की गतिविधियों को देखा और प्रसन्नता जताई।
मुख्यमंत्री वन्य जीव अस्पताल भी पहुंचे, जहां उन्होंने जानवरों के इलाज और देखभाल की सुविधाओं की जानकारी ली। इसी दौरान उन्होंने एक सिंह शावक का नामकरण “लक्ष्मी” किया।
सम्राट चौधरी ने कहा कि नेचर सफारी और जू-सफारी दोनों को बेहद आकर्षक तरीके से विकसित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्यटकों की सुविधाओं और वन्य जीवों के बेहतर रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों के साथ-साथ वन्य जीवों को भी बेहतर वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री Vijay Kumar Chaudhary, ग्रामीण विकास मंत्री Shravan Kumar, पर्यटन मंत्री Kedar Prasad Gupta, सांसद Kaushalendra Kumar समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
@MUSKAN KUMARI





