मोतिहारी में 35 लाख की कथित रिश्वत लेकर आरोपियों को छोड़ने का आरोप, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

मोतिहारी: बिहार पुलिस एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में है। पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) में 24.91 लाख रुपये की जब्ती और चार लोगों की गिरफ्तारी के बाद कथित तौर पर 35 लाख रुपये की रिश्वत लेकर आरोपियों को छोड़ने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों पर लगाए गए इन आरोपों की जांच जारी है और अभी तक उनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 25 मई की रात चकिया टोल प्लाजा के पास एक कार से 24 लाख 91 हजार 300 रुपये के साथ दो नेपाली नागरिक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद चारों को एनडीपीएस एक्ट में फंसाने की धमकी देकर तीन दिनों तक थाने में रखा गया और उन्हें छोड़ने के बदले 35 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई। आरोपों में एक डीएसपी, दो थानाध्यक्ष और दो कथित दलालों के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं।

 

मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि कथित कार्रवाई चकिया टोल प्लाजा पर हुई, लेकिन प्राथमिकी लगभग 33 किलोमीटर दूर तुरकौलिया थाना में दर्ज की गई। आरोप है कि बीच में चार थानों का क्षेत्र होने के बावजूद आरोपियों और जब्त रकम को तुरकौलिया थाना ले जाया गया। इसके अलावा 26 मई की कथित जब्ती के बावजूद एफआईआर 28 मई को दर्ज किए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Ad.
Ad.

 

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने कड़ी नाराजगी जताई। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई, जब्त की गई राशि और वाहन को सीज किया गया तथा गिरफ्तार चारों लोगों को थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया गया। प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर तुरकौलिया थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

 

पीड़ित के भाई की शिकायत पर डीजीपी के निर्देश के बाद और एसपी द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) पूरे मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच कर रहा है। जांच एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल टावर लोकेशन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच में जुटी हैं।

 

फिलहाल इस मामले ने पुलिस महकमे से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल मचा दी है। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से जारी है और यदि किसी अधिकारी या कर्मी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, रिश्वत और साजिश से जुड़े सभी आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल