बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का असर अब जिलों और ग्रामीण इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। मुजफ्फरपुर जिले में लगातार दूसरे दिन प्रशासन का बुलडोजर चला, जिससे अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को अब किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा।
ताजा कार्रवाई मुरौल प्रखंड के विशनपुर श्री राम पंचायत स्थित विशनपुर गांव में की गई। यहां वर्षों से सरकारी जमीन पर लोगों ने अवैध रूप से पक्के और कच्चे मकान बनाकर कब्जा कर रखा था। ग्रामीणों को उम्मीद नहीं थी कि प्रशासन गांव तक पहुंचकर इस तरह की बड़ी कार्रवाई करेगा।
बुधवार को जिला प्रशासन भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचा और चिन्हित अतिक्रमण पर कार्रवाई शुरू कर दी। बुलडोजर की मदद से एक-एक कर दर्जनों अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण प्रशासन ने अभियान जारी रखा।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सरकारी जमीन पर वर्षों से कब्जा जमाए लोगों के बीच डर का माहौल देखा गया। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
जिला प्रशासन ने बताया कि जिलेभर में सरकारी जमीनों की सूची तैयार की जा रही है और आने वाले दिनों में अन्य प्रखंडों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सरकारी योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
मामले पर जानकारी देते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) तुषार कुमार ने कहा कि जहां भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा पाया जाएगा, वहां बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
@MUSKAN KUMARI







