मुजफ्फरपुर में खेत में चोरी का विरोध करना पड़ा भारी, किसान पर चाकू से हमला; दो महिलाएं पकड़ी गईं

बिहार में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब खेत-खलिहान भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र स्थित बलभद्रपुर बैगना निजामत चवर में देर रात गेहूं की फसल चोरी का विरोध करने पर एक किसान पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पीड़ित किसान गुड्डू चौधरी, निवासी बैगना गांव, ने थाने में आवेदन देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि देर रात करीब आधा दर्जन पुरुष और महिलाएं अंधेरे का फायदा उठाकर खेत में रखी गेहूं की फसल चोरी कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।

किसान के अनुसार, बृजकिशोर सहनी और गुड्डू सहनी नामक दो आरोपियों ने धारदार चाकू से वार किया। किसी तरह वह झाड़ियों में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। शोर सुनकर आसपास के किसान मौके पर पहुंचे, जिसके बाद अफरा-तफरी में दो महिला आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसान परेशान हैं और उन्हें रात-रात भर खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है। स्थानीय किसान महताब आलम ने भी आरोप लगाया कि बदमाशों ने करीब 10 कट्ठा खेत की फसल चोरी कर ली है।

इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्ती की कमी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।

हालांकि, औराई थाना अध्यक्ष हेमलता कुमारी ने फोन पर इस घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी इसी क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश और भय दोनों बढ़ गया है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल