बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मड़वन प्रखंड स्थित चैनपुर गांव के निवासी जस्टिस चंद्रशेखर को देश के सर्वोच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई है और ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया।
जस्टिस चंद्रशेखर इससे पहले रांची, जयपुर और मुंबई हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। परिवार के गांव से बाहर रहने के बावजूद उनका अपने पैतृक गांव से गहरा जुड़ाव बना हुआ है। मंगलवार को उनके सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश बनने की सूचना मिलते ही ग्रामीण एकत्रित हुए और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी का इजहार किया।
ग्रामीणों ने उनकी सफलता का श्रेय उनकी ईमानदारी, समर्पण और कड़ी मेहनत को दिया। जस्टिस चंद्रशेखर के फुफेरे भाई उमेश सिंह की ओर से उनके पैतृक आवास पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांववासियों और आगंतुकों के बीच 51 किलो लड्डुओं का वितरण भी किया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, जस्टिस चंद्रशेखर ने मैट्रिक तक की पढ़ाई मीनापुर हाईस्कूल से की। इसके बाद उन्होंने मुजफ्फरपुर के एलएस कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की और फिर दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई पूरी कर वकालत के क्षेत्र में कदम रखा। अपनी प्रतिभा और अथक परिश्रम के बल पर उन्होंने देश की सर्वोच्च अदालत तक का सफर तय किया है।
@MUSKAN KUMARI






