मुंगेर: मुंगेर पुलिस केंद्र में सोमवार को 196 प्रशिक्षु सिपाहियों की दीक्षांत परेड का भव्य आयोजन किया गया। बुनियादी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित समारोह में मुंगेर प्रक्षेत्र के डीआईजी राकेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रशिक्षु जवानों ने अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण कौशल का शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
पुलिस केंद्र मैदान में आयोजित परेड के दौरान प्रशिक्षु सिपाहियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। डीआईजी राकेश कुमार ने परेड का निरीक्षण किया और जवानों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने नवप्रशिक्षित जवानों को संविधान के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता का संदेश देते हुए आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और मानवाधिकारों के संरक्षण के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

डीआईजी ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है और इसे बनाए रखना हर पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए मूल्यों को सेवा जीवन में आत्मसात करने की अपील की।
समारोह में पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, प्रशिक्षण केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान प्रशिक्षण अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु सिपाहियों को सम्मानित भी किया गया।
देशभक्ति और उत्साह के माहौल के बीच संपन्न हुई इस दीक्षांत परेड के साथ ही 196 प्रशिक्षु सिपाही बिहार पुलिस बल में अपनी नई जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए तैयार हो गए हैं।
@MUSKAN KUMARI






