मथुरा नाव हादसा: “चार बार चेताया, फिर भी नहीं माना नाविक”, बचे श्रद्धालु तनिश ने सुनाई दर्दनाक कहानी

कीर्तन के बीच हुआ हादसा, पुल से टकराकर पलटी मोटरबोट; राहत-बचाव में लापरवाही के आरोप

मथुरा में हुए दर्दनाक नाव हादसे से बचे लुधियाना निवासी तनिश ने घटना की भयावह तस्वीर बयां की है। उन्होंने बताया कि सभी श्रद्धालु नाव में सवार होकर कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रहे थे और माहौल खुशी का था। इसी दौरान तेज हवा चलने लगी, जिससे उन्हें अनहोनी का आभास होने लगा।

तनिश के मुताबिक, नाव अचानक तेजी से पुल की ओर बढ़ने लगी तो उन्होंने और अन्य श्रद्धालुओं ने नाविक को कई बार चेताया। “हमने चार बार कहा कि नाव रोक लीजिए, लेकिन उसने इसे सामान्य बात बताकर नजरअंदाज कर दिया,” उन्होंने कहा।

जैसे ही नाव पुल के पास पहुंची, वह पीपा पुल के एंकर (लंगर) से टकरा गई और पलक झपकते ही हादसा हो गया। नाव पलटते ही उसमें सवार लोग नदी में गिर पड़े और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।

तनिश ने बताया कि हादसे के बाद तत्काल कोई मदद नहीं पहुंची। “लोग चिल्लाते रहे कि गोताखोर बुलाओ, लेकिन न नाविक ने छलांग लगाई और न ही किसी को तुरंत सहायता के लिए बुलाया,” उन्होंने आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं ने खुद ही एक-दूसरे को बचाने की कोशिश की, इस दौरान कई के हाथ छिल गए। कुछ लोग तैरकर बाहर निकले, जबकि बाद में पहुंचे गोताखोरों ने अन्य को बचाया।

घटना में शामिल श्रद्धालु श्वेत जैन ने बताया कि यमुना में बनाया गया पीपा पुल जलस्तर बढ़ने के कारण खुल चुका था और उसके हिस्से बह रहे थे। मोटरबोट इन्हीं से टकराकर पलट गई। उन्होंने कहा कि नाव दो बार टकराने से बची, लेकिन तीसरी बार में हादसा हो गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद अन्य नाविकों ने कई लोगों को बचाकर अपनी नावों में बैठाया। वहीं, एडवोकेट संदीप गुप्ता की पत्नी सीमा गुप्ता ने बताया कि जैसे ही हादसे की सूचना आश्रम पहुंची, वहां मौजूद श्रद्धालुओं में मातम पसर गया।

सुरक्षित निकाले गए लोगों में जगरांव के सुनील कुमार की पत्नी, यशु पुत्र रमेश बजाज और लवेश के नाम सामने आए हैं। वहीं, मोगा और लुधियाना के दुगरी क्षेत्र का एक श्रद्धालु अब भी अस्पताल में भर्ती है।

इस हादसे ने एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल