आरा। भोजपुर जिले में शनिवार को सड़क हादसों ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं, जबकि एक अन्य दुर्घटना में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
बबुरा क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान चरपोखरी थाना क्षेत्र के पंडरिया गांव निवासी गुड्डू राम की पुत्री गुड़िया कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुड़िया अपने परिजनों के साथ रिश्तेदार के घर बबुरा आई हुई थी। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस फरार वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है। इस घटना के बाद मृतक बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

वहीं, जिले में एक अन्य सड़क हादसे में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के निवासी चंदन कुमार और मुकुल आनंद पटना से वाराणसी परीक्षा देने जा रहे थे। इसी दौरान गीधा थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया टोल प्लाजा के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
@MUSKAN KUMARI





