भारत-ऑस्ट्रिया रिश्तों को नई गति: पीएम मोदी और चांसलर स्टॉकर की अहम बैठक

टेक्नोलॉजी, रक्षा और निवेश में सहयोग बढ़ाने पर सहमति, कई MoUs पर हस्ताक्षर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में ऑस्ट्रिया के चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस उच्चस्तरीय वार्ता का उद्देश्य भारत और ऑस्ट्रिया के बीच रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करना रहा। बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए और इसके बाद संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई। संयुक्त प्रेस बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चांसलर स्टॉकर की यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रिया व्यापार और निवेश संबंधों में नई ऊर्जा लेकर आएगी।

प्रधानमंत्री ने बताया कि दोनों देश टेक्नोलॉजी और सप्लाई चेन को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे, ताकि वैश्विक स्तर पर भरोसेमंद समाधान उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने रक्षा, सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया।

शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में भी साझेदारी को बढ़ावा मिला है। आईआईटी दिल्ली और मॉन्टेना यूनिवर्सिटी के बीच हुआ समझौता इसका प्रमुख उदाहरण है। इसके अलावा 2023 के माइग्रेशन और मोबिलिटी समझौते के तहत नर्सिंग सेक्टर में पेशेवरों की आवाजाही को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा।

दोनों देशों ने स्टार्टअप्स, रिसर्च और युवाओं के लिए ‘वर्किंग हॉलिडे प्रोग्राम’ शुरू करने की भी घोषणा की, जिससे युवाओं को अंतरराष्ट्रीय अवसर मिलेंगे।

वैश्विक मुद्दों पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच भारत और ऑस्ट्रिया इस बात पर सहमत हैं कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता। चाहे यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, दोनों देश शांति और स्थिरता का समर्थन करते हैं।

इससे पहले चांसलर स्टॉकर ने राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह उनकी पहली भारत और एशिया यात्रा है, जो 2025 में पद संभालने के बाद हो रही है।

बुधवार को एस. जयशंकर ने भी चांसलर से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की थी। चांसलर के स्वागत के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे मौजूद रहीं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया के बीच दोस्ताना संबंध हैं और यह यात्रा साझेदारी को नई दिशा देगी। इस दौरे में चांसलर के साथ एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है, जिसमें उद्योग जगत के प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

दोनों देशों ने ग्रीन टेक्नोलॉजी, डिजिटल इनोवेशन, रिन्यूएबल एनर्जी और हाई-एंड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की दिशा में भी सहमति जताई है। यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी की 2024 की ऑस्ट्रिया यात्रा के दौरान बनी सहमति को आगे बढ़ाने का अहम कदम मानी जा रही है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल