भागलपुर: भागलपुर वन प्रमंडल के निर्देश पर वन विभाग ने मंगलवार को अवैध आरा मिलों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। इस अभियान से अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
वन क्षेत्र पदाधिकारी कुमार गौतम के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कजरैली और सजौर थाना पुलिस के सहयोग से नाथनगर प्रखंड के समौनी मोड़ तथा शाहकुंड प्रखंड के मलिकपुर हटिया में संचालित अवैध आरा मिलों पर एक साथ कार्रवाई की। पुलिस बल की मौजूदगी के कारण संचालकों को भागने या सामान हटाने का मौका नहीं मिला।
छापेमारी के दौरान वन विभाग ने भारी मात्रा में अवैध रूप से चिराई जा रही शीशम और सागवान जैसी कीमती लकड़ियां, आरा मिलों में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और आरी ब्लेड समेत अन्य उपकरण जब्त किए। सभी जब्त सामग्री को विभाग ने अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है।

वन विभाग ने इस मामले में अवैध आरा मिल संचालकों के खिलाफ बिहार काष्ठ चिरान अधिनियम और भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध आरा मिलों के संचालन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
इस कार्रवाई में वन क्षेत्र पदाधिकारी कुमार गौतम के अलावा वनपाल दिनेश कुमार सिंह, कुमार ज्ञानदीप तथा वनरक्षी आदित अभिनव, शुभम कुमार, अमरेश कुमार, आदित्य सिंह, नीरज कुमार, राकेश कुमार यादव, ब्यूटी विश्वास, सुबोध दास, राजीव कुमार, मोहम्मद नूर, कैलाश मंडल, बाबूलाल सहित वन विभाग के कई अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लिया।
@MUSKAN KUMARI





