Bettiah से कानून व्यवस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। Shikarpur Police Station क्षेत्र के बनवरिया पंचायत अंतर्गत मढ़िया गांव में जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में एक सब-इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मामला जमीन विवाद और पेड़ कटाई से जुड़ा हुआ है। शिकायतकर्ता पार्वती देवी ने थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उनके घर के सामने की सड़क पर अवैध कब्जा कर लिया है और उनके लगाए गए आम समेत कई पेड़ काट दिए हैं। इसी शिकायत की जांच के लिए एसआई रविशंकर प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे।
पुलिस टीम कटे हुए पेड़ों की वीडियोग्राफी कर रही थी और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के दर्जनों महिला-पुरुष लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंच गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीड़ ने महिला गार्ड संध्या कुमारी के साथ बदसलूकी की और उनका मोबाइल भी छीन लिया। हालांकि बाद में मोबाइल वापस कर दिया गया, लेकिन इसके बाद भीड़ ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।
हमले में एसआई रविशंकर प्रसाद, गार्ड संध्या कुमारी और पुलिसकर्मी अभिषेक कुमार घायल हो गए। उपद्रवियों ने पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। वाहन के टायर में कील ठोककर पंक्चर कर दिया गया और शीशे तोड़ दिए गए।
पुलिस ने इस मामले में 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एक आरोपी मदन राम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
@MUSKAN KUMARI





