बिहार विधान परिषद उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार सूर्य कुमार शर्मा उर्फ अरविंद शर्मा ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। एक दिन पहले ही भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया था। 30 अप्रैल नामांकन की अंतिम तिथि होने के कारण उन्होंने तय समय सीमा के भीतर पर्चा दाखिल किया। इस दौरान बिहार भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
बिहार विधानसभा में सत्ताधारी गठबंधन एनडीए के पास स्पष्ट बहुमत होने के कारण अरविंद शर्मा की जीत लगभग तय मानी जा रही है। वहीं, विपक्षी दलों की ओर से अब तक किसी उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में उनके निर्विरोध निर्वाचित होने की संभावना भी जताई जा रही है।

अरविंद शर्मा लंबे समय से बिहार भाजपा के प्रदेश कार्यालय प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी निभाते रहे हैं। संगठन के भीतर उनकी पहचान शांत स्वभाव और समर्पित रणनीतिकार के तौर पर होती है। प्रदेश कार्यालय के संचालन, संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में उनकी भूमिका को अहम माना जाता है।
भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि संगठन में वर्षों तक जमीन पर रहकर की गई मेहनत और कार्यकर्ताओं के बीच सक्रिय भूमिका का यह सम्मान है। पार्टी ने विश्वास जताया कि अरविंद शर्मा संगठन की उम्मीदों पर पूरी तरह खरे उतरेंगे।
@MUSKAN KUMARI







