बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने बिहार राजस्व सेवा के तीन अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। 7 सितंबर 2026 को जारी अधिसूचना के मुताबिक, तीन अनुमंडल राजस्व पदाधिकारियों को उनके संबंधित अनुमंडलों में भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) के रूप में काम करने के लिए अधिकृत किया गया है।
अधिसूचना के अनुसार, समस्तीपुर के दलसिंहसराय में तैनात अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी पंकज कुमार झा को दलसिंहसराय का DCLR बनाया गया है। वहीं पूर्वी चंपारण के अरेराज में पदस्थापित पवन कुमार झा को अरेराज अनुमंडल का DCLR नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा अररिया सदर के अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी विकास कुमार सिंह को अररिया सदर-1 अनुमंडल के DCLR का प्रभार दिया गया है। उनके अधिकार क्षेत्र में अररिया, जोकीहाट और रानीगंज अंचल शामिल होंगे।
सरकार के इस फैसले से संबंधित क्षेत्रों में भूमि विवादों के निपटारे, राजस्व मामलों की सुनवाई और दाखिल-खारिज जैसे कामों में तेजी आने की उम्मीद है। इससे आम लोगों को भी प्रशासनिक स्तर पर राहत मिलने की संभावना है।
@MUSKAN KUMARI






