बिहार में सार्वजनिक परिवहन से यात्रा करने वाले लोगों को अब अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। परिवहन विभाग ने 1 जून से सरकारी बसों के किराए में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इस निर्णय का असर राज्यभर में चल रही करीब 1500 सरकारी बसों के यात्रियों पर पड़ेगा।
नई दरों के अनुसार साधारण बसों का किराया 1.50 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 1.71 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। वहीं एसी डीलक्स बसों का किराया 2 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 2.30 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। सामान्य एसी बसों के लिए भी 2.30 रुपये प्रति किलोमीटर की नई दर लागू होगी। वॉल्वो और मर्सिडीज जैसी प्रीमियम बसों में सफर करने वाले यात्रियों को अब 2.88 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराया चुकाना होगा।
सरकारी बसों के किराए में वृद्धि के बाद निजी बस संचालकों ने भी किराया बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। बिहार मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन ने राज्य की करीब 40 हजार निजी बसों के किराए में लगभग 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का संकेत दिया है। फेडरेशन के अध्यक्ष उदय शंकर प्रसाद सिंह के अनुसार, किराया बढ़ोतरी को लेकर बस संचालकों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें नई दरों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

बसों के बाद अब ऑटो किराए में भी बढ़ोतरी की संभावना है। ऑटो संगठनों की बैठक में किराए में 25 प्रतिशत तक वृद्धि पर सहमति बनी है। पटना जिला ऑटो रिक्शा चालक संघ के अध्यक्ष पप्पू यादव ने बताया कि पूरे बिहार में ऑटो किराया बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द औपचारिक रूप दिया जाएगा।
परिवहन किराए में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना यात्रा करने वाले आम यात्रियों पर पड़ेगा। यदि निजी बस और ऑटो किराए में भी वृद्धि होती है, तो लोगों का मासिक यात्रा खर्च और बढ़ सकता है।
@MUSKAN KUMARI






