बिहार में प्री-मानसून का कहर: आंधी-तूफान और वज्रपात से 11 की मौत, कई घायल

पटना। बिहार में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए जहां भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं प्री-मानसून की बारिश और तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को झकझोर कर रख दिया। राज्यभर में आंधी, तूफान और वज्रपात की घटनाओं में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी खराब मौसम की आशंका जताई है।

बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने उत्तर एवं पूर्वी बिहार के कई जिलों में भारी तबाही मचाई। मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेतिया और दरभंगा समेत सात जिलों में सात लोगों की मौत की खबर है। सारण जिले में तेज हवा के दौरान उड़कर आए टीन शेड की चपेट में आने से एक महिला की जान चली गई। वहीं मशरक में दीवार गिरने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई।

छपरा में डायल-112 की गाड़ी को एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सुपौल में आंधी की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। यहां घर पर पेड़ गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बक्सर में भी झोपड़ी पर पेड़ गिरने से एक वृद्ध ने दम तोड़ दिया। औरंगाबाद में वज्रपात की घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई।

Ad.
Ad.

 

राजधानी पटना में बारिश नहीं हुई, लेकिन 89 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी ने लोगों को दहशत में डाल दिया। तेज हवाओं के कारण तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक तापमान भभुआ में 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मधुबनी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वर्षा के आंकड़ों में राजगीर में 17.5 मिमी और सुपौल में 37 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले कुछ दिनों तक आंधी, बारिश और वज्रपात का दौर जारी रह सकता है। लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, खुले स्थानों और पेड़ों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल