पटना: बिहार में हालिया प्रदर्शनों के दौरान हुई गोलीबारी की घटनाओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव विपक्षी दलों को एकजुट करने की तैयारी में जुटे हैं। सूत्रों के मुताबिक, तेजस्वी यादव जल्द ही दिल्ली का दौरा कर सकते हैं, जहां उनकी मुलाकात विपक्ष के कई वरिष्ठ नेताओं से होने की संभावना है। इनमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के नाम भी सामने आ रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली दौरे के दौरान तेजस्वी यादव बिहार की मौजूदा राजनीतिक और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विपक्षी नेताओं के साथ चर्चा कर सकते हैं। जहानाबाद और सीवान में प्रदर्शनों के दौरान हुई गोलीबारी का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है।

तेजस्वी यादव इन घटनाओं को लेकर पहले ही सरकार पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने गोलीबारी की घटनाओं की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है। साथ ही विपक्षी नेताओं से बिहार पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने की अपील भी की है।
बताया जा रहा है कि दिल्ली में तेजस्वी यादव विपक्षी सांसदों और नेताओं के साथ आगे की रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं। सूत्रों का दावा है कि इन बैठकों के बाद बिहार में विपक्ष की ओर से बड़े आंदोलन की रणनीति तैयार की जा सकती है। विपक्षी दलों के सांसदों के बिहार आने और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने की संभावना भी जताई जा रही है।
19 अगस्त के बाद बढ़ सकती है सियासी हलचल
सूत्रों के मुताबिक, 19 अगस्त के बाद बिहार के राजनीतिक माहौल में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, विपक्ष की ओर से अभी आंदोलन की तारीख, स्वरूप या कार्यक्रम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
अगर तेजस्वी यादव की विपक्षी नेताओं के साथ बैठक होती है और संयुक्त रणनीति पर सहमति बनती है, तो आने वाले दिनों में बिहार में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी टकराव और तेज होने के आसार हैं।
@MUSKAN KUMARI





