बिहार की सियासी हलचल के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक Bhai Virendra ने बड़ा बयान देकर राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। उन्होंने दावा किया है कि जदयू के कई सांसद, विधायक और एमएलसी ऐसे हैं जो भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता भी अब पहचान चुकी है कि कौन जनप्रतिनिधि किसके इशारे पर काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए भाई वीरेंद्र ने कहा कि जिसके पास संख्या बल होगा, वही सरकार बनाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर Samrat Choudhary मुख्यमंत्री बनते हैं, तो उन्हें खुशी होगी। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है और मुख्यमंत्री के इस्तीफे के बाद ही तस्वीर साफ होगी।
जदयू को चेतावनी देते हुए राजद विधायक ने कहा कि पार्टी का भविष्य खतरे में है। उन्होंने भाजपा की रणनीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा अपने सहयोगी दलों को धीरे-धीरे कमजोर कर देती है। “जहां भी भाजपा गठबंधन करती है, वहां अपने सहयोगियों को निगलने का काम करती है,” उन्होंने कहा।
भाई वीरेंद्र ने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी ने पांच साल पहले ही ऐसी स्थिति की आशंका जताई थी। उनके इस बयान से साफ है कि विपक्ष मौजूदा घटनाक्रम को भाजपा की विस्तारवादी नीति के तौर पर देख रहा है।
इस बीच राज्य की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है और जनता के बीच यह चर्चा है कि यह बदलाव विकास के लिए है या महज सत्ता समीकरणों का हिस्सा। फिलहाल, सभी की निगाहें नए मुख्यमंत्री के ऐलान पर टिकी हुई हैं।
@MUSKAN KUMARI






