पटना:
राजधानी पटना की सियासी फिज़ा में इन दिनों अचानक हलचल तेज हो गई है। चर्चाओं के मुताबिक बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जल्द ही सक्रिय राजनीति में बड़ा कदम उठा सकते हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि 7 मई को गांधी मैदान में प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह में वे मंत्री पद की शपथ लेकर कैबिनेट का हिस्सा बन सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं की एक अहम बैठक में इस मुद्दे पर गहन चर्चा हुई। बैठक के बाद निशांत कुमार ने सरकार में शामिल होने पर सकारात्मक रुख दिखाया है। हालांकि पहले वे राजनीति से दूरी बनाए रखने के पक्ष में थे, लेकिन अब परिस्थितियों में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
इसी बीच, पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) दिल्ली से पटना लौट रहे हैं। माना जा रहा है कि उनके साथ अंतिम दौर की बातचीत के बाद जल्द ही आधिकारिक घोषणा हो सकती है।

वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी पहले संकेत दिए थे कि यदि निशांत कुमार कैबिनेट में शामिल होते हैं तो यह स्वागतयोग्य कदम होगा। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक अटकलों को और बल मिला है।
गौरतलब है कि निशांत कुमार पिछले कुछ समय से “बिहार सद्भावना यात्रा” के तहत विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान वे जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं और जमीनी स्तर पर फीडबैक भी जुटा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह सक्रियता उन्हें भविष्य में एक मजबूत राजनीतिक चेहरा बना सकती है।
फिलहाल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन पटना से लेकर दिल्ली तक सियासी सरगर्मी तेज है। यदि यह अटकलें सच साबित होती हैं, तो इसे बिहार की राजनीति में एक बड़े बदलाव के तौर पर देखा जाएगा।
@MUSKAN KUMARI







