पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बढ़ रही हैं। विभिन्न दल अपने-अपने उम्मीदवारों और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। जनसुराज ने प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाया है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। वहीं राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (आरएलजेपी) ने भी चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पार्टी से जुड़े मोहम्मद तनवीर आलम को बांकीपुर सीट से संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है, हालांकि पार्टी की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
इसी बीच समाजसेवी एवं राजनीतिक कार्यकर्ता तनवीर आलम ने अपने समर्थकों, सहयोगियों और क्षेत्र के सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक की। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने तथा घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद स्थापित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
तनवीर आलम ने कहा कि चुनाव केवल राजनीतिक प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्धता दिखाने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहें, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से संवाद बनाए रखें तथा विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों को प्राथमिकता के साथ जनता के बीच लेकर जाएं।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में वार्ड स्तर पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और प्रत्येक बूथ पर सक्रिय टीम का गठन कर चुनावी तैयारियों को और मजबूत किया जाएगा।
गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को प्रस्तावित है और जल्द ही नामांकन प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
@MUSKAN KUMARI






