कोलकाता, विशेष संवाददाता:
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के बाद सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि भाजपा 152 में से 110 से अधिक सीटें जीतने जा रही है और राज्य में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा, “दीदी जाने वाली हैं, बीजेपी आने वाली है,” और साफ किया कि इस बार बंगाल का मुख्यमंत्री कोई बाहरी नहीं, बल्कि यहीं जन्मा बंगाली होगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि फर्क सिर्फ इतना होगा कि वह भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता होगा, न कि तृणमूल कांग्रेस से जुड़ा।
‘बाहरी मुख्यमंत्री’ के आरोपों पर जवाब देते हुए अमित शाह ने कहा कि भाजपा स्थानीय नेतृत्व को आगे बढ़ाएगी और बंगाल की पहचान के साथ कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि अंग, बंग और कलिंग तीनों क्षेत्रों में भाजपा को भारी समर्थन मिल रहा है।
अमित शाह ने चुनावी मुद्दों पर जोर देते हुए कहा कि राज्य में “आतंक के राज” का अंत होगा और “भय से भरोसे” की राजनीति शुरू होगी। उन्होंने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं को भयमुक्त माहौल दिया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एक बयान पर भी तीखा हमला बोला। शाह ने कहा कि जो मुख्यमंत्री महिलाओं के रात में बाहर निकलने को लेकर सीमाएं तय करने की बात करता है, उसे शासन करने का अधिकार नहीं होना चाहिए।
पहले चरण की रिकॉर्ड वोटिंग के बाद भाजपा के इन दावों ने बंगाल की सियासत को और गरमा दिया है। अब नजर अगले चरणों और अंतिम परिणामों पर टिकी है, जहां यह तय होगा कि क्या भाजपा अपने दावों को हकीकत में बदल पाती है या नहीं।
@MUSKAN KUMARI






