पटना के फुलवारी शरीफ अंचल (ब्लॉक) कार्यालय परिसर में जनता दरबार के बाद सैयद मुर्तजा पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस का कहना है कि सरकारी परिसर में कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
फुलवारी शरीफ थाना और एसडीपीओ कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों को जमीन विवाद की सुनवाई के लिए बुलाया गया था। जनता दरबार समाप्त होने के बाद परिसर में मारपीट की घटना हुई, जिसे पुलिस ने सरकारी कार्यालय की सुरक्षा में सेंध और गंभीर आपराधिक कृत्य माना है। पीड़ित सैयद मुर्तजा की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने फिलहाल गिरफ्तारी की कोई निश्चित समय-सीमा घोषित नहीं की है, लेकिन अधिकारियों का दावा है कि फरार आरोपियों की पहचान होते ही जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। जांच के दौरान ब्लॉक परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की फोरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि सभी हमलावरों की स्पष्ट पहचान हो सके।
इसके अलावा पुलिस की विशेष टीमें नामजद आरोपियों और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। नवादा, मोतीडीह और फुलवारी शरीफ सहित कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI





